सिमगा: सोलर पावर प्लांटों से लाखों रुपये की केबल वायर चोरी करने वाले एक कथित अंतरजिला गिरोह का सिमगा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चोरी की केबल खरीदने के आरोप में तिल्दा के कबाड़ी हीरानंद आहूजा को भी गिरफ्तार किया गया है।दरअसल, चौरेंगा स्थित हरे कृष्णा पावर प्लांट से करीब 1500 मीटर इन्वर्टर केबल वायर और ग्राम चंदेरी स्थित सूर्योदय वायर सोलर पावर प्लांट से करीब 5000 मीटर डीसी केबल वायर चोरी होने की शिकायत सिमगा थाने में दर्ज कराई गई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास के रास्तों के तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चौरेंगा क्षेत्र में मोटरसाइकिल, बैग और औजारों के साथ घूम रहे तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों सोलर प्लांटों में फेंसिंग तार काटकर प्रवेश करने और केबल चोरी करने की बात स्वीकार की। अब सबसे बड़ा खुलासा—तिल्दा का कबाड़ी गिरफ्तार!पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चोरी की गई केबल को जलाकर उसमें से तांबा निकाला और तिल्दा स्थित कबाड़ी के पास बेचने की बात बताई।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तिल्दा में दबिश देकर चोरी का माल खरीदने के आरोप में कबाड़ी हीरानंद आहूजा को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—रामचंद देवांगन, उम्र 37 वर्ष, वार्ड नंबर 15, तिल्दा।डहरीलाल टंडन, उम्र 42 वर्ष, खमतराई, रायपुर।रामप्रसाद मरावी, उम्र 35 वर्ष, हाल पता बीरगांव, रायपुर।और तिल्दा के कबाड़ी हीरानंद आहूजा, उम्र 31 वर्ष, वार्ड नंबर 03, भैरवगढ़, तिल्दा।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले में चोरी के माल की खरीद-फरोख्त को लेकर आगे की जांच जारी है।







