तिल्दा-नेवरा: छत्तीसगढ़ की संस्कृति, अस्मिता और गौरव की प्रतीक छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य मूर्ति स्थापना आगामी 14 नवंबर, शनिवार को तिल्दा-नेवरा में दो स्थानों पर की जाएगी। आयोजन छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना एवं छत्तीसगढ़िया समाज, तिल्दा-नेवरा द्वारा किया जा रहा है।मूर्ति स्थापना की शुरुआत वार्ड क्रमांक 6 से होगी। इसके बाद वार्ड क्रमांक 17 स्थित महतारी अंगना चौक में भी छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।आयोजन की तैयारियों के तहत संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने माता कौशिल्या धाम पहुंचकर माता कौशिल्या एवं प्रभु श्रीराम को विधिवत निमंत्रण अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। कर्मा, सुवा, पंथी, ददरिया, राउत नाचा, गेड़ी, बस्तरिया एवं नव बहिनिया नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।इसके साथ ही छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य झांकी और रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।आयोजकों ने छत्तीसगढ़िया समाज, सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।






