तिल्दा-नेवरा: रायपुर जिले के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत कोहका-राजिया पुल के पास शुक्रवार रात तेज बारिश के दौरान नाले के तेज बहाव में बहे 24 वर्षीय अंकित पाठक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया।जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8 बजे अंकित अपने दोस्तों के साथ ग्राम खुरमुड़ी से बिरगांव स्थित अपने घर लौट रहा था। राजिया पुल के पास नाला पार करने के दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। उसके साथ मौजूद अन्य युवक सुरक्षित बच गए।घटना के बाद तिल्दा-नेवरा पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम ने तलाश शुरू की थी। वहीं परिजन और ग्रामीण भी लगातार युवक की तलाश में जुटे हुए थे।रविवार सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों ने राजिया पुल से लगभग 200 मीटर दूर नाले के पास युवक का शव देखा। शव मिलने की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।मृतक की पहचान अंकित पाठक, निवासी नागेश्वर नगर, बिरगांव के रूप में हुई है। अपील: लगातार बारिश और नालों में तेज बहाव को देखते हुए लोग पुल, नाले और जलभराव वाले स्थानों के पास जाने से बचें।







