तिल्दा-नेवरा: शहर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से सिंधी कैंप क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नालियों का गंदा पानी घरों और दुकानों में घुसने से व्यापारियों और स्थानीय लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सिंधी कैंप के निचले इलाकों में गंभीर जलभराव, दैनिक दिनचर्या और व्यापार ठप। पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विकास सुखवानी ने प्रभावितों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। मौके पर मौजूद नगर पालिका अधिकारियों को तुरंत जल निकासी और राहत कार्य शुरू करने के आदेश दिए। विकास सुखवानी ने कहा कि समस्या के खात्मे के लिए छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा से चर्चा कर नई कार्ययोजना और नाली निर्माण का काम कराया जाएगा। स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों ने हर साल होने वाली इस समस्या से हमेशा के लिए निजात दिलाने की मांग की है।







