तिल्दा-नेवरा: नेवरा स्थित सतनामी पारा में अचानक लगी भीषण आग से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की सूचना मिलते ही तत्काल दमकल विभाग को जानकारी दी गई, जिसके बाद आग पर काबू पाने के लिए दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।आग की गंभीरता को देखते हुए तिल्दा-नेवरा थाना प्रभारी स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ-साथ आग बुझाने के प्रयासों में सहयोग किया। पुलिस टीम द्वारा आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए व्यवस्था संभाली गई।दमकल कर्मियों द्वारा लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा।प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए है।






