हिरमी : प्लांट प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा,,,,विभिन्न मांगों को लेकर UltraTech Cement के हिरमी सीमेंट संयंत्र में ग्रामीणों, किसानों और जनप्रतिनिधियों द्वारा धरना प्रदर्शन एवं चक्काजाम किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन लगातार क्षेत्र के लोगों की अनदेखी कर रहा है तथा पूर्व में किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया है।ग्रामीणों ने बताया कि किसानों के मुआवजा प्रकरण, स्थानीय लोगों को रोजगार, मजदूरों के साथ भेदभाव समेत कई मांगों को लेकर विगत 12 मई से धरना प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार सुबह आंदोलन तेज हो गया और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं जनप्रतिनिधि प्लांट के विभिन्न गेटों के सामने धरना प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम पर बैठ गए।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्लांट प्रबंधन एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अब तक तीन दौर की बैठक हो चुकी है, लेकिन किसी भी मुद्दे का समाधान नहीं निकल पाया। इसी के चलते ग्रामीणों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा।शुक्रवार सुबह लगभग 6 बजे से शुरू हुआ चक्काजाम दोपहर तक जारी रहा। मौके पर सिमगा एसडीएम, सुहेला तहसीलदार, सीएसपी, थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।दोपहर करीब 1 बजे ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ प्लांट प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों की चर्चा जारी रही।








