धमतरी: धमतरी जिले के निवासी शशिकांत भरत ने छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से भावुक अपील करते हुए दिल्ली के ईएसआईसी अस्पताल, वसंत कुंज (गफ्फार खान मार्ग) में इलाज कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यदि उनका इलाज संभव नहीं है, तो उन्हें इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए।शशिकांत के अनुसार, वर्ष 2016 में आईटीआई से घर लौटते समय ग्राम दुकली (गचकन्हार) के पास एक सड़क दुर्घटना में उनका पूरा शरीर पैरालाइज (लकवाग्रस्त) हो गया। तब से वे पिछले 10 वर्षों से बिस्तर पर हैं और पूरी तरह अपने माता-पिता पर निर्भर हैं। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता ने इलाज के लिए कर्ज लेकर हरसंभव प्रयास किया, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण अब आगे का इलाज कराना संभव नहीं हो पा रहा है। शशिकांत का कहना है कि उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री से मिलने का प्रयास किया, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। उन्होंने जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा एवं क्षेत्रीय विधायक अंबिका मरकाम से भी अनुरोध किया है कि उनके इलाज की व्यवस्था कराने में सहयोग करें।





