बिलासपुर : बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि रामायण आयोजन के लिए चंदा नहीं देने पर गांव के लोगों ने उनका सामाजिक बहिष्कार कर दिया। पीड़ित ने अब कलेक्टर और एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।ग्राम नवागांव मोहदा निवासी 57 वर्षीय संतोष कुमार साहू का कहना है कि वर्ष 2023 में आर्थिक तंगी के कारण वे नवधा रामायण के लिए चंदा नहीं दे सके। इसके बाद गांव में बैठक बुलाकर उनके खिलाफ सामाजिक बहिष्कार का फैसला लिया गया। पीड़ित का आरोप है कि गांव वालों ने उनसे बातचीत, हुक्का-पानी, खेती-किसानी, मजदूरी और अन्य सामाजिक संबंधों पर रोक लगा दी। इतना ही नहीं, उनसे संबंध रखने वालों पर भी जुर्माना लगाने की बात कही गई।संतोष साहू ने बताया कि वे निःसंतान हैं और अपनी बीमार पत्नी के साथ जीवन यापन कर रहे हैं। सामाजिक बहिष्कार के कारण उनका जीवन बेहद कठिन हो गया है और वे अपने खेतों में भी काम नहीं कर पा रहे हैं। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वहीं न्याय नहीं मिलने पर उन्होंने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाने की चेतावनी भी दी है। अब प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।







