तिल्दा-नेवरा: नगर के सिंधी कैंप क्षेत्र में स्थित एक बर्तन दुकान को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि दुकान की आड़ में लंबे समय से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा है और बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जाता है, जिससे आसपास के रहवासियों और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में गैस सिलेंडरों से जुड़ा कार्य बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के किया जाना बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकता है। आगजनी जैसी स्थिति में क्षेत्र की संकरी व्यवस्था के कारण राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी हो सकती है।इसके साथ ही दुकान संचालक पर दुकान के सामने सड़क किनारे व नाली के ऊपर चबूतरा बनाकर जगह घेरने का भी आरोप लगाया जा रहा है, जिससे आने-जाने वाले लोगों और वाहनों को परेशानी होने की बात कही जा रही है।क्षेत्रवासियों ने खाद्य विभाग, नगर पालिका और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर गैस रिफिलिंग, सिलेंडर भंडारण और अतिक्रमण से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की गई है।अब सवाल यह है कि सिंधी कैंप जैसे व्यस्त क्षेत्र में सुरक्षा से जुड़े इन आरोपों पर जिम्मेदार विभाग कब संज्ञान लेते हैं।






