तिल्दा-नेवरा: क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को आज सुबह एक और बड़ी सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार दो युवक बड़ी मात्रा में गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहे थे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।बताया जा रहा है कि आरोपियों के कब्जे से लगभग 5 से 6 किलो गांजा बरामद किया गया है। दोनों युवक गांजा खपाने की तैयारी में थे, लेकिन तिल्दा-नेवरा पुलिस की सक्रियता के चलते उनकी योजना सफल नहीं हो सकी। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन लोगों तक की जानी थी।गौरतलब है कि तिल्दा-नेवरा पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दिन पहले ही एक महिला को रंगे हाथों गांजा तस्करी करते गिरफ्तार किया था, जिसके पास से 3 किलो से अधिक अवैध गांजा जब्त किया गया था। इसके बाद आज फिर बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होना पुलिस की लगातार निगरानी और कार्रवाई को दर्शाता है।क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की यह मुहिम लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।लगातार दो दिनों में गांजा तस्करों पर कार्रवाई से अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।






