तिल्दा-नेवरा: क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पटवारी ऑफिस के पास से एक महिला को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार नेवरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पटवारी ऑफिस के पास एक महिला बड़ी मात्रा में गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके पर रवाना किया। टीम द्वारा घेराबंदी कर संदेही महिला भारती भगवानी को पकड़ा गया।पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर महिला के कब्जे से 3 किलो 737 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही नशे में उपयोग किए जाने वाले 33 नग गोगो पेपर भी जब्त किए गए। पुलिस ने जब्त मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया।थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।इस पूरी कार्रवाई में तिल्दा-नेवरा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं क्षेत्रवासियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।






