रायपुर/तिल्दा: तिल्दा के खपरी बंजारी क्षेत्र से इस वक्त की एक बेहद बड़ी और डराने वाली खबर सामने आ रही है। विशेष सूत्रों ने बताया कि खपरी मढ़ी बंजारी के सामने स्थित अनुसंधान सामाजिक वानिकी का लगभग 150 एकड़ में फैले विशाल जंगल में अचानक भीषण आग लग गई है। आग की लपटें इतनी तेज हैं कि उन्होंने देखते ही देखते जंगल के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है।
पेट्रोलियम प्लांट पर मंडराया बड़ा खतरा
इस पूरे हादसे में सबसे चिंताजनक और बड़ी बात यह है कि जिस जगह पर यह भीषण आग लगी है, उसके ठीक सामने ही ‘भारत गैस’ का पेट्रोलियम प्लांट स्थित है। जंगल की आग और हवा के रुख को देखते हुए इस गैस प्लांट पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। अगर आग पर जल्द काबू नहीं पाया गया, तो कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है।
आग लगने का कारण अब भी अज्ञात
फिलहाल जंगल में यह आग किस वजह से लगी, इसके कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीम घटना स्थल पहुंच गई है। आस-पास के लोग बेहद डरे हुए हैं और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है?









