बीएनबी उच्च माध्यमिक विद्यालय, नेवरा में ‘शाला प्रवेश उत्सव’ का भव्य आयोजन; कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने तिलक लगाकर किया नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत
रायपुर तिल्दा नेवरा: स्थानीय बीएनबी उच्च माध्यमिक विद्यालय में आज विकासखंड स्तरीय ‘शाला प्रवेश उत्सव’ का गरिमामय आयोजन किया गया. इस विशेष कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल,तिल्दा जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश्वर मनहर, जिला पंचायत सदस्य स्वाति वर्मा, अनिल अग्रवाल, मनोज निषाद मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए.
अतिथियों ने स्कूल पहुंचे नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया.
मंत्री टंकराम वर्मा ने स्कूली छात्राओं से बातचीत की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने बच्चों के साथ बिताए इन पलों को बेहद विशेष और ऊर्जावान बताया.
कार्यक्रम के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधनों और हर बच्चे के सुरक्षित भविष्य के संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है.
अतिथियों ने विश्वास जताया कि आज सरकारी स्कूलों में प्रवेश ले रहे यही नन्हें विद्यार्थी आने वाले समय में ‘विकसित छत्तीसगढ़’ और ‘विकसित भारत’ की सबसे मजबूत नींव बनेंगे.
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्कूल के शिक्षक, पालक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.








