तिल्दा-नेवरा: राजगुरु धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब जी एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी के मार्गदर्शन एवं सानिध्य में राजधानी रायपुर स्थित मेकाहारा ऑडिटोरियम में विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पदयात्रा से जुड़े लोगों का सम्मान किया गया।
इस दौरान तिल्दा-नेवरा के पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विकास सुखवानी को समाज एवं जनहित में उनके सक्रिय योगदान को लेकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में उन्हें शील्ड, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने विकास सुखवानी के सामाजिक कार्यों एवं समाज में सद्भावना को मजबूत करने के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में सतनाम समाज के लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक एकता, भाईचारा एवं सद्भाव का संदेश दिया गया। पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में समानता एवं मानवता का संदेश फैलाना रहा, जिसके तहत मंच से
“बोल रहा अब हिंदुस्तान — मनखे-मनखे एक समान”
का संदेश गूंजता रहा।
पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विकास सुखवानी ने सम्मान प्राप्त करने के बाद कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारा और आपसी सद्भाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सतनाम समाज द्वारा निकाली गई सद्भाव पदयात्रा सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने
जय सतनाम के जयघोष के साथ सामाजिक एकता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।






