तिल्दा-नेवरा: तिल्दा शहर मंडल अंतर्गत झूलेलाल शक्ति केंद्र की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सह-संयोजक, पार्षद एवं बूथ अध्यक्ष ससम्मान उपस्थित रहे।बैठक में पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विकास सुखवानी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती को पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होता है और बूथ स्तर पर सक्रियता ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से जनहित एवं संगठन हित में पूरी निष्ठा, समर्पण और उत्साह के साथ कार्य करने का आह्वान किया।विकास सुखवानी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र के लोगों से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।बैठक के दौरान संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, आगामी अभियान, जनसंपर्क एवं पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने को लेकर विशेष चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव रखे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।इस दौरान प्रमुख रूप से बूथ अध्यक्ष सुरेश लखवानी, दिनेश पंजवानी, नरेश जोतवानी, दीपक छोइथवानी, राकेश कमलानी, मनोज निषाद, मनोज साहू, गोपाल साहू, सागर पंजवानी, हरीश छोइथवानी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और सभी ने एकजुट होकर संगठन को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया।







