तिल्दा-नेवरा: रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 के बीच देर रात एक युवक पर हमला किए जाने की घटना सामने आने के बाद यात्रियों और शहरवासियों में चिंता का माहौल बन गया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तिल्दा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया। मामले की जांच आरपीएफ पुलिस द्वारा की जा रही है।जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 22 तिल्दा निवासी विनय भास्कर पिता बिसेलाल भास्कर उम्र लगभग 25 वर्ष रविवार रात करीब 11 बजे रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 के बीच रायपुर दिशा की ओर सिद्धि के पास चबूतरे में पेड़ के नीचे सो रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात युवक ने उसके साथ मारपीट कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।इस घटना के बाद शहरवासियों ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन से देर रात तक सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनों का लगातार आवागमन होता रहता है, जिससे यात्रियों और परिवारों की आवाजाही बनी रहती है। रात के समय कई यात्री प्लेटफार्म में ट्रेन का इंतजार करते हैं। ऐसे में इस प्रकार की घटना ने आम लोगों के मन में चिंता बढ़ा दी है।शहरवासियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है ताकि यात्रियों को सुरक्षित माहौल मिल सके। फिलहाल आरपीएफ पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है।







