तिल्दा-नेवरा: गणेश चतुर्थी के पावन पर्व को लेकर सेतपाल नगर में आशीर्वाद गणेश उत्सव समिति ने भव्य गणेश उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। समिति द्वारा आकर्षक गणेश पंडाल, मनमोहक सजावट एवं विद्युत व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है।14 सितंबर को विधि-विधान से होगी गणेश स्थापना, जिसके बाद पूरे उत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गणपति बप्पा के स्वागत को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।गणेश स्थापना से पहले ही सेतपाल नगर का माहौल भक्तिमय हो गया है। “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष के साथ क्षेत्रवासी बप्पा के स्वागत के लिए तैयार हैं।समिति अध्यक्ष निखिल वाधवा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गणेश उत्सव को श्रद्धा, उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की तैयारी की गई है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।






