रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में तिल्दा नेवरा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दीपक शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे इस मंडल ने मुख्यमंत्री का राजकीय गमछा और पुष्प गुच्छ से स्वागत किया। लगभग 30 मिनट तक चली इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मांग पत्रों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री साय ने सड़क मानचित्र का अवलोकन कर संबंधित विभागों को तुरंत आवश्यक निर्देश भी जारी किए।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखी गई प्रमुख मांगें: रिंग रोड व फोरलेन निर्माण: तिल्दा नेवरा रिंग रोड/बाईपास मार्ग का निर्माण और 5 राजमार्गों को जोड़ने वाले राज्यमार्ग क्रमांक 20 (सिमगा-तिल्दा-खरोरा-आरंग) को भारत सरकार से फोरलेन या बाईपास रोड के रूप में स्वीकृत कराना।
ट्रेनों का ठहराव: तिल्दा नेवरा रेलवे स्टेशन में ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करना, ताकि रेल विहीन जिला मुख्यालयों (बेमेतरा और कबीरधाम) की जनता को नजदीकी स्टेशन का लाभ मिल सके। ट्रेन विस्तार: गाड़ी संख्या 18247/18248 बिलासपुर-रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस का दुर्ग तक विस्तार करना या दुर्ग से रीवा तक नई ट्रेन चलाना।
विद्युत मंडल कार्यालय: तिल्दा नेवरा में नया विद्युत मंडल संभागीय कार्यालय खोलना। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया। इस मुलाकात के दौरान भाजपा नेता दीपक शर्मा के साथ ग्रामीण मंडल महामंत्री अधिवक्ता दिनेश गायकवाड, शहर उपाध्यक्ष सौरभ जैन, दिलीप वर्मा और उद्योगपति केदार शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।







