हिरमी- रावन: पुरुषोत्तम मास (मलमास) के पावन और शुभ अवसर पर प्रोजेक्ट कॉलोनी हिरमी के मंदिर प्रांगण में एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संगीतमय सुंदरकांड पाठ, विशेष हवन-पूजन और महाआरती संपन्न हुई, जिसमें भारी संख्या में स्थानीय और ग्रामीण श्रद्धालु शामिल हुए।भक्तिमय माहौल में गूंजा सुंदरकांड कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद उपस्थित मानस मंडलियों और श्रद्धालुओं द्वारा सुंदरकांड का सस्वर पाठ किया गया। सुंदरकांड की चौपाइयों से पूरा मंदिर प्रांगण और कॉलोनी का माहौल भक्तिमय हो उठा। पाठ के समापन पर विश्व कल्याण की कामना के साथ पवित्र अग्नि में आहुतियां देकर हवन-पूजन संपन्न किया गया। शैल वर्मा ने किया भगवान शिव और हनुमान जी की महिमा का बखान इस विशेष अवसर पर शैल वर्मा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए भगवान शिव और संकटमोचन हनुमान जी की महिमा का सुंदर बखान किया। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास में की गई भक्ति का फल अनंत गुना होता है। हनुमान जी भक्ति और शक्ति के प्रतीक हैं, तो वहीं भगवान शिव कल्याण के देवता हैं। दोनों की आराधना से मनुष्य के जीवन के सभी संकट दूर हो जाते हैं कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं ने बेहद शांत और ध्यानमग्न होकर इस अमृतमयी प्रवचन का रसपान किया। श्रद्धालुओं की रही भारी उपस्थिति इस धार्मिक आयोजन में प्रोजेक्ट कॉलोनी के निवासियों के साथ-साथ आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे पहुंचे। सभी ने कतारबद्ध होकर भगवान के दर्शन किए और आरती के बाद वितरित किए गए महाप्रसाद को ग्रहण किया।






