हिरमी: “तम्बाकू छोड़ें, स्वस्थ जीवन अपनाएँ : विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम” विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र, हिरमी द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों, ट्रक चालकों एवं नागरिकों को तम्बाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था।इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की बहनों ने स्लाइड शो के माध्यम से तम्बाकू सेवन से होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तम्बाकू न केवल कैंसर, हृदय रोग एवं श्वसन संबंधी गंभीर बीमारियों का कारण बनता है, बल्कि व्यक्ति की कार्यक्षमता एवं पारिवारिक सुख-शांति को भी प्रभावित करता है।ब्रह्माकुमारी बहनों ने सकारात्मक सोच, योग एवं राजयोग ध्यान को नशामुक्त जीवन का प्रभावी माध्यम बताते हुए सभी को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र के लॉजिस्टिक्स एचओडी रत्नेश शुक्ला, नरेश दाहिया, रितेश पांडे, अमिताभ सिंह सहित अन्य कर्मचारीगण एवं ट्रक चालक, नागरिकगण उपस्थित रहे।







