Home Breaking संजू सैमसन ने बनाया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड, पहली बार हुआ ये अजूबा,...

संजू सैमसन ने बनाया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड, पहली बार हुआ ये अजूबा, रिकॉर्डबुक में मची खलबली

20
0



संजू सैमसन ने बनाया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड, पहली बार हुआ ये अजूबा, रिकॉर्डबुक में मची खलबली

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल चल रहा है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए हैं. टीम इंडिया के लिए संजू सैमसन ने एक बार फिर कमाल किया. उन्होंने सेमीफाइनल की तरह 46 बॉल पर 5 चौके और 8 छक्कों की मदद से 89 रनों की उम्दा पारी खेली. यह उनकी इस विश्व कप में बैक टू बैक तीसरी फिफ्टी रही. खास बात ये रही कि संजू ने फाइनल के पहले ही ओवर में छक्का लगाकर एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. उन्होंने एक ऐसा कमाल कर दिखाया है, जो टी20 विश्व कप के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था.

संजू ने कौन सा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया?
संजू सैमसन अब टी20 विश्व कप के इतिहास में चार बार पहले ओवर में छक्का लगाने वाले पहले बैटर बन चुके हैं. उन्होंने यह सिलसिला ग्रुप स्टेज में नामीबिया के खिलाफ शुरू किया था, जब पहले ओवर में रूबेन ट्रंपेलमैन के खिलाफ छक्का ठोका था. फिर सुपर-8 में जिम्बाब्वे के खिलाफ रिचर्ड नगारावा को सिक्स मारा था. इसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को भी छक्का ठोका और अब फाइनल में मैट हेनरी के खिलाफ सिक्स लगाया.

इन खिलाड़ियों को पछाड़ा
संजू सैमसन ने टी20 विश्व कप के पहले ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में फिल साल्ट, रहमानुल्लाह गुरबाज़, मोहम्मद रिजवान और क्विंटन डी कॉक को पछाड़ा. ये सभी बैटर 3 बार ये कमाल कर चुके थे, लेकिन अब संजू 4 छक्कों के साथ नंबर 1 पर काबिज हो चुके हैं.

T20WC मैच के पहले ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर
4- संजू सैमसन (21 बॉल)
3- फिल साल्ट (40 बॉल)
3- रहमानुल्लाह गुरबाज़ (65 बॉल)
3- मोहम्मद रिजवान (77 बॉल)
3- क्विंटन डी कॉक (111 बॉल)

ये वही संजू सैमसन हैं, जो टी20 विश्व कप 2026 के शुरुआती दौर में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 की पहली पसंद नहीं थे, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में वो पूरी तरह फ्लॉप थे. 5 मैचों में सिर्फ 42 रन बना पाए थे. लेकिन जब उन्हें मौका मिला तो संजू ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. संजू ने सुपर 8 के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन ठोके थे और फिर इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन बनाए थे. दोनों मैचों में उनकी बैटिंग के दम पर ही टीम इंडिया जीतकर फाइनल तक पहुंची थी.

टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने सैमसन
न्यूजीलैंड के खिलाफ 89 रन की पारी खेलकर संजू ने नया इतिहास रच दिया है। वह अब टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बन गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के मार्लोन सैमुअल का रिकॉर्ड तोड़ा। सैमुअल्स ने 2016 टी20 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 85 रन की नाबाद पारी खेली थी।

टी20 विश्व कप 2026 में संजू सैमसन के आंकड़े
संजू सैमसन इस एडिशन में 5 मैच खेलकर 80.25 की औसत और 199.38 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बना चुके हैं. उन्होंने 27 चौके और 24 छक्के मारे हैं. वो पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान (383) रनों के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर हैं. संजू ने 24 छक्कों के साथ एक खास रिकॉर्ड भी बनाया. वो किसी भी एक टी20 विश्व कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर भी हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here