राजनांदगांव: डोंगरगढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। अंधे कत्ल की इस गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझा लिया है। पति सुनील बंजारी एवं दोस्त ज्योतिष नेताम सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
22 फरवरी 2026 को डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अछोली के पास स्थित आम बगीचा में नदी किनारे एक अज्ञात महिला की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का सिर पत्थर से कुचला गया था, जिससे उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई थी। सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया। जांच में मृतका की पहचान पूर्णिमा नेताम के रूप में हुई। पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ जहाँ महिला का पति सुनील बंजारी हत्या का मुख्य आरोपी एवं दोस्त ज्योतिष नेताम निकला ।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी शक के चलते 21 फरवरी की शाम उसने अपने साथी के साथ मिलकर पत्नी को आम बगीचा ले जाकर पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। खून से सने कपड़े एक अन्य परिचित को देकर नष्ट कराए गए।







