
हिरमी – रावन: स्थानीय शिक्षण संस्थान ज्ञानोदय हिरमी में गणतंत्र दिवस का पावन पर्व अत्यंत गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा भारत माता एवं स्वतंत्रता सेनानियों के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान और सांस्कृतिक गरिमा ध्वजारोहण के दौरान विद्यालय के प्राचार्य पी.आर. वर्मा, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने सस्वर राष्ट्रगान का गायन कर राष्ट्रध्वज को नमन किया। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर और तिलक लगाकर पारंपरिक रूप से किया गया।मुख्य अतिथि प्रेम लाल सिन्हा ने अपने मार्मिक और प्रेरणाप्रद संबोधन में विद्यार्थियों को देशप्रेम का पाठ पढ़ाया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं संस्था के प्राचार्य पी.आर. वर्मा ने गणतंत्र दिवस की महत्ता और संवैधानिक मूल्यों पर प्रकाश डाला।विद्यालय में आयोजित वार्षिक क्रीड़ा उत्सव के विजेताओं को इस अवसर पर मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। खेल प्रभारी शैल वर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि: “खेल को हमेशा खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलना चाहिए, न कि ईर्ष्या के भाव से।” उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी।मंच का कुशल संचालन शिक्षक अजय निर्मलकर द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को मिष्ठान वितरण किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ, विद्यार्थी, अभिभावक एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







