यूको बैंक की सीनियर मैनेजर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, CBI की कार्रवाई से हड़कंप
न्यूज डेस्क उत्तर प्रदेश: भ्रष्टाचार के खिलाफ CBI की बड़ी कार्रवाई ने मथुरा के यूको बैंक को हिला कर रख दिया है। सीनियर मैनेजर गरिमा सिंह चौहान को एक करोड़ रुपये के लोन की अंतिम किस्त पास करने के बदले चार लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। मामले की शुरुआत तब हुई जब राधाकृष्ण फ्लोर मिल के संचालक मुरारी लाल ने बैंक से एक करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराया। बैंक ने पहले ही 90 लाख रुपये जारी कर दिए, लेकिन शेष 10 लाख रुपये रोक लिए गए। आरोप है कि गरिमा सिंह ने इस राशि को जारी करने के लिए लोन का 4% यानी 4 लाख रुपये रिश्वत की मांग की। CBI ने शिकायत मिलने के बाद जाल बिछाया। सोमवार को जैसे ही गरिमा सिंह और उनके कथित दलाल आरिफ ने पहली किस्त के रूप में 2 लाख रुपये स्वीकार किए, टीम ने दोनों को बैंक शाखा में ही रंगे हाथ पकड़ लिया। बैंक परिसर में मचा हड़कंप, सादे कपड़ों में मौजूद CBI अधिकारियों को देखकर कर्मचारी और ग्राहक हैरान रह गए। देर शाम तक पूछताछ और दस्तावेजी कार्रवाई चलती रही।






