तिल्दा-नेवरा: आगामी गणेश पर्व एवं प्रतिमा विसर्जन को लेकर नेवरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम मुकेश कोठारी, तहसीलदार रामप्रसाद बघेल, सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी, थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला, अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. खुमान वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।बैठक में एसडीएम मुकेश कोठारी ने गणेश पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। वहीं सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने शासन-प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने तथा गणेश उत्सव समितियों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं से उपस्थित लोगों को अवगत कराया। नगर पालिका अध्यक्ष एवं पार्षदों ने गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर कहा कि विसर्जन की व्यवस्था इस प्रकार हो कि एक-दो दिन में सभी प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा सके। बैठक में प्रतिमा विसर्जन दिन के समय कराने पर भी जोर दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि झांकी रात में निकाली जा सकती है, लेकिन प्रतिमाओं का विसर्जन दिन में ही किया जाना चाहिए, ताकि व्यवस्था और सुरक्षा बेहतर बनी रहे। रात 10 बजे के बाद डीजे पर प्रतिबंध बैठक में स्पष्ट किया गया कि रात्रि 10 बजे के बाद डीजे एवं तेज ध्वनि वाले साउंड सिस्टम पर प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में डीजे बजाए जाने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार जप्ती की कार्रवाई की जाएगी।







