तिल्दा-नेवरा: डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के रूप में स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय, रायखेड़ा में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य ज्ञानेश्वर वर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज के लिए त्याग और तपस्या करता है, ताकि भावी पीढ़ी का बेहतर निर्माण हो सके। उन्होंने शिक्षक की भूमिका को कुम्हार के समान बताते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को जीवन के उतार-चढ़ाव और संघर्षों का सामना करने के लिए तैयार करता है।व्याख्याता जितेंद्र वर्मा ने गुरु की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज हम जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसमें गुरुओं के आशीर्वाद और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ अध्ययन कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का आह्वान किया।इस अवसर पर व्याख्याता ज्योति कश्यप, सरिता वर्मा, मोती सिंह ध्रुव, निक्की अग्रवाल, नीलम वर्मा, अन्नू वर्मा, मोनिका वर्मा, शशि वर्मा, खिलेश्वरी पटेल, मुल्केश्वर बांधे, राज कुमार महिलांग सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने विचार व्यक्त किए और विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रोचक कार्यक्रमशिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के मनोरंजन के लिए विभिन्न रोचक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। शिक्षकों को प्रतियोगिताओं में शामिल करते हुए सुई में धागा डालना, कुर्सी दौड़, बाल डालना सहित कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।







