हिरमी – रावन: छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज, ग्राम इकाई हिरमी में विगत दिनों डॉ. खूबचंद बघेल जयंती समारोह का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन एवं सम्मानित अतिथि के रूप में जिला पंचायत बलौदाबाजार के सभापति डॉ. मोहनलाल वर्मा, पूर्व राजप्रधान बलौदाबाजार धर्मेंद्र सरसीहा तथा क्षेत्र प्रधान चोवाराम वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र सरसीहा ने डॉ. खूबचंद बघेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित लोगों को डॉ. बघेल के आदर्शों पर चलने का संदेश देते हुए समाज में शिक्षा, एकता और सामाजिक विकास को बढ़ावा देने पर बल दिया। कार्यक्रम में डॉ. बघेल को छत्तीसगढ़ राज्य के स्वप्नदृष्टा, स्वतंत्रता सेनानी एवं महान समाज सुधारक के रूप में श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

मुख्य वक्ता डॉ. मोहनलाल वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा, “छत्तीसगढ़ की पावन माटी के अमर सपूत, पृथक राज्य के परिकल्पनाकार, प्रख्यात चिकित्सक, सफल कृषक, साहित्यकार और किसान-आदिवासी आंदोलनों के प्रेरणास्रोत डॉ. खूबचंद बघेल जी का संपूर्ण जीवन जनसेवा, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से छत्तीसगढ़ की पहचान और स्वाभिमान को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी हर छत्तीसगढ़वासी के लिए प्रेरणा के अक्षय स्रोत हैं।” डॉ. वर्मा ने छत्तीसगढ़ी अस्मिता और भाषा के प्रहरी डॉ. बघेल की 126वीं जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र की सेवा करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के अंत में पी. आर. वर्मा ने उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महापुरुष शरीर से भले ही विदा हो जाते हैं, लेकिन उनके विचार युगों-युगों तक समाज का पथ आलोकित करते रहते हैं।







