Home Breaking तिल्दा-नेवरा में एल्डरमैन का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न: मंत्री टंकराम वर्मा की...

तिल्दा-नेवरा में एल्डरमैन का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न: मंत्री टंकराम वर्मा की मौजूदगी में 5 एल्डरमैन ने ली शपथ

3
0



तिल्दा-नेवरा: नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा द्वारा सोमवार को सरस्वती शिशु मंदिर, नेवरा में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा मनोनीत पांच एल्डरमैन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री टंकराम वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही, जबकि अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) तिल्दा-नेवरा ने सभी मनोनीत एल्डरमैन को विधिवत शपथ दिलाई।

समारोह में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती पलक विकास सुखवानी, सांसद प्रतिनिधि अनिल अग्रवाल, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष मनोज निषाद सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

शपथ लेने वाले मनोनीत एल्डरमैन में सुरेश कुमार लखवानी, पवन कुमार अग्रवाल, अनिल नायक, श्रीमती आरती गिलहरे एवं श्रीमती सुधा चोबे शामिल रहे।

सुरेश लखवानी और पवन अग्रवाल रहे चर्चा के केंद्र

शपथ ग्रहण समारोह में सुरेश कुमार लखवानी एवं पवन कुमार अग्रवाल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। शपथ लेने के बाद समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने दोनों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। नगर के सामाजिक एवं व्यापारिक वर्ग ने उनसे जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने और नगर विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।

मंत्री टंकराम वर्मा ने जनसेवा और पारदर्शिता पर दिया जोर

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने नव-मनोनीत एल्डरमैनों को बधाई देते हुए कहा कि यह दायित्व जनता के विश्वास और नगर के विकास से जुड़ा है। उन्होंने सभी से ईमानदारी, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर के विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष पलक विकास सुखवानी एवं सांसद प्रतिनिधि अनिल अग्रवाल ने भी सभी नव-शपथ ग्रहण करने वाले एल्डरमैन को शुभकामनाएं देते हुए नगर हित में समन्वय और विकास की भावना से कार्य करने की बात कही।

अब शहर की निगाहें पांचों एल्डरमैन की भूमिका पर

शपथ ग्रहण के बाद अब शहर में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि नगर पालिका में पांच नए एल्डरमैन की नियुक्ति के बाद कार्यप्रणाली में कितना बदलाव आएगा। अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर पालिका में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर अंकुश लगता है या फिर व्यवस्था पहले की तरह ही चलती रहती है। शहरवासियों को उम्मीद है कि नए एल्डरमैन पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित के मुद्दों पर मजबूती से अपनी भूमिका निभाते हुए नगर के विकास को नई दिशा देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here