हिरमी -रावन: सफलता कभी सुविधाओं की मोहताज नहीं होती, बल्कि दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम से हासिल की जा सकती है। इसे सच कर दिखाया है ग्राम मोहरा वि. ख. सिमगा (जिला बलौदाबाजार) की 24 वर्षीय बेटी विभा वर्मा ने। विभा ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान द्वारा आयोजित नर्सिंग ऑफिसर रिक्रूटमेंट कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट परीक्षा उत्तीर्ण कर एम्स भुवनेश्वर में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर चयनित होकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। विभा ने प्रारंभिक शिक्षा गांव से ही प्राप्त कर वर्ष 2024 में बी.एससी. नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने रायपुर स्थित फ्लोरेंस नर्सिंग एकेडमी से नॉरसेट परीक्षा की तैयारी शुरू की। उनकी यह यात्रा बेहद संघर्षपूर्ण रही। पिता भूपेंद्र वर्मा गांव में खेती के साथ एक छोटी किराना दुकान चलाते हैं, जबकि माता जागृति वर्मा ने हर परिस्थिति में विभा का मनोबल बढ़ाया। तैयारी के दौरान उनके पिता गंभीर रूप से बीमार हो गए और महीनों अस्पताल में भर्ती रहे। इस आर्थिक और पारिवारिक संकट के बावजूद विभा अपने लक्ष्य पर डटी रहीं। गौरतलब है कि वर्ष 2025 में विभा मात्र 0.5 अंक से चयन से वंचित रह गई थीं। इस असफलता से निराश होने के बजाय उन्होंने अपनी कमियों को सुधारा और दोगुनी मेहनत से नॉरसेट-10 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की।विभा की इस उपलब्धि पर ग्राम मोहरा सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की







