तिल्दा नेवरा : डॉक्टर खूबचंद बघेल शिक्षण समिति द्वारा संचालित स्वामी आत्मानंद विद्यापीठ ताराशिव में 4 जुलाई 2026, शनिवार को हर्षोल्लास के साथ शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर नए छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और किताबें बांटकर स्कूल में स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. के. के. नायक (संरक्षक, छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज) ने कहा कि शिक्षा से ही समाज, राष्ट्र और पूरे विश्व का विकास संभव है। आने वाली पीढ़ी को संस्कारवान बनाना हमारा मुख्य लक्ष्य है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सरपंच प्रतिनिधि मनीष कुमार वर्मा ने छात्रों को जीवन में अनुशासन का महत्व समझाया और इसे प्रगति का मार्ग बताया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी आत्मानंद जी और मां सरस्वती की पूजा-अर्चना व श्रीफल तोड़कर हुई। इसके बाद स्कूल के बच्चों ने आकर्षक सरस्वती वंदना और भजनों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर कुर्मी समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी श्री आर. सी. वर्मा, मुरली मनोहर वर्मा, विद्यापीठ के अध्यक्ष संतराम वर्मा सहित भारी संख्या में शिक्षक, ग्रामीण और पालक उपस्थित रहे।







