बलौदा बाजार सिमगा:अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र हिरमी और क्षेत्रीय ग्रामीणों के बीच गहराते विवाद में प्रशासन की मध्यस्थता के बाद फिलहाल सुलह के संकेत मिले हैं। 29/04/2026 बुधवार को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (SDM) कार्यालय सिमगा में हुई एक हाई-प्रोफाइल बैठक में जनप्रतिनिधियों और कंपनी प्रबंधन के बीच तीखी चर्चा हुई। चर्चा के बाद प्रबंधन ने अपनी कार्ययोजना पेश करने के लिए 7 मई तक का समय माँगा है, जिसके बाद प्रस्तावित चक्काजाम और धरना प्रदर्शन को कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया है।माँगों को लेकर आर-पार की जंग के मूड में जनप्रतिनिधिविदित हो कि पंचायत प्रतिनिधियों ने स्थानीय विकास, रोजगार और अन्य क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व घोषणा के अनुसार, 2 मई से सीमेंट कंपनी के परिवहन को पूरी तरह अवरुद्ध कर बड़े पैमाने पर धरना प्रदर्शन किया जाना था। बैठक में जिला पंचायत सभापति डॉ. मोहन लाल वर्मा और जनपद अध्यक्ष डॉ. दौलत पाल ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।बैठक में बिंदुवार हुई चर्चाएसडीएम कार्यालय में आयोजित इस वार्ता में जनपद प्रतिनिधि हेमंत यादव (हिरमी), जवाहर वर्मा (सरपंच मोहरा), सुखनंदन चेलक जनपद प्रतिनिधि (मोहरा), जनपद सदस्य खोमलाल साहू (भटभेरा), श्रीमती उमा अनंत (कुथरौद) उपसरपंच प्रेमानंद जायसवाल (हिरमी), नरेंद्र साहू (परसवानी), जवाहर वर्मा (सरपंच मोहरा), मारकंडे (सरपंच नवापारा) सहित आधा दर्जन गाँवों के सरपंचों ने कंपनी प्रबंधन के समक्ष अपनी आपत्तियाँ दर्ज कराईं। हिरमी सरपंच पुनउ राम भारती और परसवानी सरपंच प्रेम लाल ध्रुव ने ग्राम विकास के अटके हुए कार्यों पर नाराजगी जाहिर की।प्रबंधन की गुहार पर बनी सहमतिअल्ट्राटेक कंपनी की ओर से पक्ष रखने पहुँचे एचआर (HR) प्रमुख मनोज यादव और डी.पी. यादव ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि कंपनी माँगो पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने माननीय एसडीएम के समक्ष 07 मई 2026 तक का समय माँगा, ताकि उच्च प्रबंधन से चर्चा कर निर्णय लिया जा सके। एसडीएम की उपस्थिति में सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने इस शर्त पर सहमति जताई कि यदि तय तिथि तक संतोषजनक निर्णय नहीं हुआ, तो आंदोलन और भी उग्र होगा।






