Home Breaking तिल्दा-नेवरा में दर्दनाक सड़क हादसा: महिला की मौत, औद्योगिक क्षेत्र में फिर...

तिल्दा-नेवरा में दर्दनाक सड़क हादसा: महिला की मौत, औद्योगिक क्षेत्र में फिर हादसा, जनता ने बायपास और ब्रेकर की मांग दोहराई

20
0



तिल्दा-नेवरा: तिल्दा-नेवरा शहर के गुरु घासीदास चौक से सुभाष चौक मार्ग पर कविता फोटो स्टूडियो के सामने मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। हादसे में पल्सर बाइक क्रमांक CG04PG1450 पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और मासूम बच्चे को मामूली चोटें आई हैं।मिली जानकारी के अनुसार पति अपनी पत्नी और बच्चे के साथ पल्सर बाइक से गुजर रहा था। जैसे ही वे कविता फोटो स्टूडियो के सामने पहुंचे, सड़क पर खड़े भारी ट्रकों और तेज रफ्तार वाहनों के बीच एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर जा गिरे, जिसमें पीछे बैठी महिला ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक कुछ दूरी पर वाहन रोककर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर ट्रकों का दिनभर जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आम लोगों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है। सड़क पर भारी वाहनों की कतार और तेज रफ्तार के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।लोगों ने कहा कि तिल्दा-नेवरा एक औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके अनुरूप ट्रैफिक व्यवस्था और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं की गई है। यही वजह है कि आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं।घटना के बाद पब्लिक ने बायपास रोड निर्माण की मांग फिर तेज कर दी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि शहर के भीतर से ट्रकों की आवाजाही बंद कर उन्हें बायपास मार्ग से निकाला जाए। साथ ही कविता फोटो स्टूडियो के पास स्पीड ब्रेकर और ट्रकों की अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई है।यह हादसा एक बार फिर इस बात का संकेत है कि तिल्दा-नेवरा जैसे औद्योगिक क्षेत्र में बायपास और मजबूत ट्रैफिक प्रबंधन अब अत्यंत आवश्यक हो चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here