Home Breaking भीषण गर्मी को देखते गंगरेल का पानी छोड़ा जाए – विक्रम राय

भीषण गर्मी को देखते गंगरेल का पानी छोड़ा जाए – विक्रम राय

29
0



बलौदाबाजार: जिले में भीषण गर्मी की शुरुआत के साथ ही जिले में पानी की समस्या गहराने लगी है। इसे लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं समन्वयक संघ के प्रांताध्यक्ष विक्रम राय ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द गंगरेल बांध से पानी छोड़ा जाए ताकि जिले के तालाबों और जल स्रोतों में पानी पहुंच सके और लोगों को राहत मिल सके।विक्रम राय ने कहा कि इस वर्ष गर्मी की शुरुआत होते ही जिलेभर के अधिकांश तालाबों की स्थिति चिंताजनक हो गई है। कई तालाब पूरी तरह सूख चुके हैं, वहीं कई जगहों पर जलस्तर तेजी से नीचे जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराने लगा है और लोगों को पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि गांवों में लगे कई बोरवेल भी जवाब देने लगे हैं। पहले जहां बोर से पर्याप्त पानी निकलता था, अब वहां पानी नहीं आ रहा है या बहुत कम मात्रा में निकल रहा है। लगातार गिरते जलस्तर के कारण आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।विक्रम राय ने कहा कि यदि समय रहते गंगरेल बांध से पानी छोड़ा जाता है तो नहरों और अन्य माध्यमों से तालाबों में पानी पहुंचेगा, जिससे भूजल स्तर में भी सुधार होगा। इससे किसानों, पशुपालकों और आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने शासन प्रशासन से मांग की है कि गर्मी को ध्यान में रखते हुए तत्काल इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।उन्होंने यह भी कहा कि पानी की कमी का असर केवल पेयजल पर ही नहीं बल्कि पशुधन और कृषि कार्यों पर भी पड़ रहा है। कई गांवों में पशुओं को पानी पिलाने तक की समस्या खड़ी हो रही है। यदि जल्द ही समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।विक्रम राय ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से अपील करते हुए कहा कि आम जनता की परेशानी को देखते हुए गंगरेल बांध से नियंत्रित रूप से पानी छोड़ा जाए, ताकि जिले के सूखते जल स्रोतों को फिर से भरा जा सके और लोगों को भीषण गर्मी में राहत मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here