बलौदा बाजार हिरमी: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्राह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, हिरमी द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से वर्मा समाज, भाजपा की सुहेला मंडल की कोषाध्यक्ष कीर्ति वर्मा, पूर्व जनपद सदस्य तारिणी राजपूत, वर्तमान जनपद सदस्य सविता हेमंत यादव, भाजपा की रायपुर जिला की ग्रामीण महिला मोर्चा की कार्यालय प्रभारी ममता पैकरा, हीरामणि दिवाकर सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर बी के नमिता ने कहा कि – “आजकल के व्यस्त जीवन में महिलाएं स्वयं के लिए समय नहीं निकाल पातीं हैं, इसके लिए हमको अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित करना आवश्यक है। सही समय पर सोना और सही समय पर उठना तथा योग और मेडिटेशन को जीवन में शामिल करके हम सारा दिन फिट रह सकते हैं। इसके अतिरिक्त घर के वतावरण को सकारात्मक बनाने का मंत्र देते हुए कहा कि जैसी वार्ता होगी वैसा ही घर का वतावरण बनेगा। साथ ही बताया कि तन और मन को शक्तिशाली बनाने का मंत्र है – भोजन बनाते हुए उसे परमात्मा को अर्पित करके बनाएं। आपका घर मंदिर है और आप सब उस मंदिर की चैतन्य देवीयां।” कीर्ति वर्मा ने कहा कि – “पुरानी कुप्रथाओं को तोड़कर आज नारी ने विकास का बहुत लम्बा रास्ता तय किया है। नारी को 33% आरक्षण की ज़रूरत नहीं, उसके लिए तो सारा आसमान है।” तारिणी राजपूत ने अपने उद्बोधन में महिला दिवस का इतिहास और महत्व बताया और कहा कि – “हम सबको सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना है, साथ ही कहा कि प्रतिवर्ष संस्था द्वारा महिला दिवस सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिसमें हम सबको हिस्सा लेना चाहिए।” सविता हेमंत यादव ने भी सबको महिला दिवस की शुभकामनायें दीं। कार्यक्रम में सभी महिलाओं को श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। अंत में संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी ह्रदयमोहिनी जी के पंचम पुण्य स्मृति दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया।







