
हिरमी – रावन: ग्राम पंचायत मोहरा की सरपंच श्रीमती तारनी जवाहर वर्मा द्वारा महिला सशक्तिकरण और धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। ग्राम की माताओं और बहनों के लिए नि:शुल्क तीर्थ यात्रा का आयोजन किया गया, जिसके तहत श्रद्धालुओं को महाप्रभु वल्लभाचार्य की प्राकट्य स्थली चम्पारण और भगवान राजीव लोचन व कुलेश्वर महादेव की पावन नगरी राजिम मेला के दर्शन कराए जा रहे हैं। गणमान्य अतिथियों ने दिखाई हरी झंडी इस पुनीत कार्य का शुभारंभ भव्य स्तर पर किया गया। तीर्थयात्रियों से भरी पाँच बसों को जिला पंचायत सदस्य डॉ. मोहन लाल वर्मा, जनपद अध्यक्ष डॉ. दौलत पाल एवं मंडल अध्यक्ष हेमंत बघमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नेताओं ने की सरपंच की सराहना कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने सरपंच श्रीमती तारनी जवाहर वर्मा के इस प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। डॉ. मोहन लाल वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को तीर्थाटन कराना एक पुण्य का कार्य है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।डॉ. दौलत पाल और हेमंत बघमार ने इसे भक्ति और सेवा का अनूठा संगम बताया और सरपंच को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। श्रद्धालुओं में भारी उत्साह पाँचों बसों में सवार ग्राम की महिलाओं के चेहरे पर तीर्थ यात्रा को लेकर भारी उत्साह और खुशी देखी गई। महिलाओं ने इस अवसर पर सरपंच का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से उन्हें धार्मिक स्थलों के दर्शन का सुलभ अवसर प्राप्त हुआ है।







