
हिरमी – रावन: 11 जनवरी 2026 श्यामसुंदर बाँके बिहारी और आद्यशक्ति मां महामाया देवी की असीम कृपा से ग्राम हिरमी (सकलोर) के राधाकृष्णा मंदिर गौठान पारा में आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह में आज श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। राधाकृष्ण महिला समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस पावन कार्यक्रम में आज कथा के विशेष प्रसंगों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की त्रिवेणी कथा के मुख्य प्रवक्ता पंडित श्री गौरीशंकर शर्मा जी महाराज ने अपनी अमृतमयी वाणी से बाल लीला, गोवर्धन पूजा और सुदामा चरित्र जैसे प्रसंगों का सजीव वर्णन किया। परायणकर्ता श्री हर्ष शर्मा जी की गरिमामयी उपस्थिति में चल रहे इस यज्ञ में आज राजसूय यज्ञ, यदुकुल को श्राप, और राजा परीक्षित के मोक्ष की कथा का रसपान कराया गया। गोवर्धन पूजा पर झूमे श्रद्धालु आज दिनांक 11/01/2026, रविवार को गोवर्धन पूजा के विशेष अवसर पर भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए महाराज जी ने बताया कि किस प्रकार भगवान ने अहंकार का दमन कर प्रकृति और गौ-वंश की रक्षा का संदेश दिया। कथा के दौरान भगवान कृष्ण और सुदामा की अटूट मित्रता का प्रसंग सुनकर पांडाल में उपस्थित हर व्यक्ति भावुक हो उठा। संगीत की धुन पर थिरके भक्त कथा में संगीतकारों की टोली ने भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा परिसर ‘राधे-राधे’ के जयघोष से गूंज उठा। गीतों और भजनों की धुन पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नृत्य करने लगे। उपस्थित जनसमूह ने भक्ति, ज्ञान और वैराग्य के इस त्रिवेणी संगम में गोता लगाकर अपने जीवन को धन्य बनाया।ग्रामवासियों का अभूतपूर्व सहयोग कार्यक्रम को सफल बनाने में राधाकृष्ण महिला समिति और हिरमी ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा। समिति के सदस्यों ने बताया कि आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुँच रहे हैं। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर पुण्य लाभ अर्जित करें।







