सोनीपत में हनी ट्रैप गिरोह का भंडाफोड़: 4 महिलाओं समेत 9 गिरफ्तार, फैक्ट्री मालिक से 40 लाख की रंगदारी में फंस गई शिवानी की फैमिली
हरियाणा : सोनीपत जिले में पुलिस ने एक संगठित हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह में शामिल चार महिलाओं समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि इन्होंने एक फैक्ट्री मालिक को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। कैसे हुआ खुलासा..दिल्ली निवासी शिवानी नामक युवती कुंडली स्थित एक फैक्ट्री में काम करती थी। उसने फैक्ट्री मालिक से नजदीकी बढ़ाकर पहले 2 लाख रुपये अपने साथी के खाते में जमा करवाए। इसके बाद नरेला थाने में रेप की झूठी शिकायत दर्ज कराई और 40 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुरथल ढाबे पर जाल बिछाया और सभी आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में शिवानी की मां, बहन, भाई, दो दोस्त और दो वकील शामिल हैं। एक आरोपी आशीष अभी फरार है। पुलिस को ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग मिले हैं, जिनमें फैक्ट्री मालिक को धमकाते हुए आरोपी नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मौके से 40 लाख रुपये नकद और 9 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।






