तिल्दा-नेवरा: जनपद पंचायत तिल्दा अंतर्गत 15वें वित्त वर्ष 2025-26 की राशि नहीं देने पर जनपद सदस्यों ने जनपद कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। निर्माण कार्यों में राशि वितरण को लेकर नाराज सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बता दें कि, जनपद पंचायत विकास निर्माण कार्य के लिए सभी जनपद क्षेत्रों में राशि वितरण किया जाता है। तिल्दा जनपद पंचायत के अंतर्गत कुल 25 जनपद क्षेत्र आता है। जिसमें से केवल 15 क्षेत्रों को ही विकास कार्यों के लिए राशि आबंटित की गई है, जबकि शेष 10 क्षेत्रों को अब तक कोई राशि नहीं दी गई है। इस कारण करीब 70 ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप पड़ गया है। राशि न मिलने से प्रभावित जनपद सदस्यों में भारी नाराजगी है। इसी के विरोध में प्रभावित क्षेत्रों के जनपद सदस्यों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा और शीघ्र ही समस्या की समाधान की मांग की है। इस दौरान जनपद सदस्य गंगा मुकेश वर्मा, चांदनी शत्रुघ्न यदु, भारती सोनू निर्मलकर, ललीनी ध्रुव, कल्याणी सिरमौर, शिवशंकर वर्मा, प्रकाश सागरवंशी, तुकाराम जोगी उपस्थित थे।







