तिल्दा-नेवरा : में यातायात नियमों के उल्लंघन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में उप निरीक्षक विकास देशमुख द्वारा दोपहर के समय डॉ. खूबचंद बघेल चौक के पास एक ओवरलोड ट्रक को पकड़कर उस पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक MP15 ZL 7376 में माल निर्धारित सीमा से अधिक लोड पाया गया। ट्रॉली के अगल-बगल सामान बाहर निकला हुआ था तथा ऊपरी हिस्से तक अत्यधिक ऊंचाई में माल भरा हुआ था, जो स्पष्ट रूप से मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है। इस पर पुलिस ने तत्काल मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 194 (1A) के तहत चालानी कार्रवाई की।पकड़े गए वाहन के चालक का नाम माधव तिवारी, पिता रमाशंकर तिवारी बताया गया है।उप निरीक्षक विकास देशमुख ने कहा कि “शहर के अंदर ओवरलोड वाहन चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है, विशेषकर बाजार क्षेत्र में ऐसे वाहनों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि “ओवरलोड और तेज रफ्तार से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।”पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप का माहौल देखा गया, वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस कदम को सराहनीय बताया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में इस तरह की चेकिंग और कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे।









